कुशीनगर: सेवरही विकासखंड के सलेमगढ़ बाजार स्थित चर्चित शैक्षणिक संस्था बीआरएम विद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंधक स्वर्गीय सुरेश प्रसाद मिश्रा को विद्यालय परिवार, अभिभावकों, समाजसेवियों और हजारों विद्यार्थियों ने नम आंखों से याद किया। शिक्षा के साथ बच्चों के मानसिक, शारीरिक और सामाजिक विकास को बढ़ावा देने वाले मिश्रा जी को विद्यालय प्रांगण में आयोजित प्रथम श्रद्धांजलि सभा में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

श्रद्धांजलि सभा में मौजूद अध्यापकों, शुभचिंतकों, परिजनों और उनके गांव से आए लोगों ने उनके प्रेरक कार्यों को याद करते हुए कहा कि मिश्रा जी सिर्फ एक शिक्षक नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने वाले एक महान व्यक्तित्व थे।
जानकारी के अनुसार, स्व. सुरेश प्रसाद मिश्रा का निधन 19 नवंबर को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में हृदय गति रुकने से हुआ। उनके निधन की खबर मिलते ही विद्यालय परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों, अभिभावकों और गणमान्य नागरिकों ने उनकी आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर अंतिम विदाई दी।
अपने संबोधन में विद्यावती देवी महिला विश्वविद्यालय के संस्थापक बबलू राय ने कहा कि मिश्रा जी गरीब और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहते थे। शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान अतुलनीय था, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। वे एक प्रखर वक्ता, समाजसेवी, महान शिक्षाविद और एसएस बालिका स्कूल, गोपालगंज (बिहार) के पूर्व प्रधानाध्यापक भी रहे।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मधुशयाम राय, निलय सिंह, अवधेश राय, अनिल मिश्रा (ठेकेदार), यशवंत राय, कामेश्वर राय, कपिल देव राय, व्रजकिशोर, अवध किशोर तिवारी, दिलीप राय, पंकज पाठक, अजय मिश्रा, कमलेश तिवारी, रंजीत शास्त्री, रिंकी देवी, गोल्डी मैम, गुड़िया त्रिपाठी, जिला पंचायत सदस्य हरेंद्र मिश्रा, उनकी पत्नी लिलावती देवी, पुत्र नवनीत कुमार मिश्रा, राकेश कुमार मिश्रा, राजन कुमार मिश्रा, पत्रकार बंधु एवं ग्राम के कई सम्मानित बुद्धिजीवी उपस्थित रहे।


