महराजगंज: पनियरा क्षेत्र के हरिश्याम इंटर कॉलेज, अटकहवा (डोमरा) में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। समापन समारोह में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावकों और क्षेत्रीय गणमान्य लोगों की बड़ी उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि भाजपा नेता निर्भय सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी व मेडल प्रदान किए, जिन्हें पाते ही बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि निर्भय सिंह ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास करती हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थी न केवल शारीरिक रूप से सशक्त बनते हैं, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी प्राप्त करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रधानाचार्य शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि खेलकूद शिक्षा का अभिन्न अंग है। पढ़ाई के साथ खेलों में सहभागिता से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है तथा उनका शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है।
प्रतियोगिताओं के परिणामों में बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ में कक्षा 9 की संजना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में सचिन ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि बालिका वर्ग में गुड़िया ने भी प्रथम स्थान प्राप्त किया। कबड्डी प्रतियोगिता में कक्षा 9 की बालिकाओं की टीम विजेता रही और कक्षा 12 उपविजेता रही। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में कक्षा 10 और 11 की संयुक्त टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया।
समापन समारोह में मंडल अध्यक्ष देवेंद्र गिरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष गुड्डू सिंह, रुपेश शर्मा, पूर्व प्रधान अर्जुन सिंह, विधायक मीडिया प्रभारी कौशल श्रीवास्तव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण और अभिभावक उपस्थित रहे। समारोह का समापन विजेता प्रतिभागियों के सम्मान, पुरस्कार वितरण और उत्साहवर्धन के साथ किया गया।


