Hindi Express News
  • September 5, 2026
  • Last Update August 24, 2026 8:46 PM
  • Lucknow

प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग के लिए चाहिए विषय विशेषज्ञ, कुशीनगर समाज कल्याण विभाग ने जारी किया नोटिस

प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग के लिए चाहिए विषय विशेषज्ञ, कुशीनगर समाज कल्याण विभाग ने जारी किया नोटिस

कुशीनगर: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को उच्च गुणवत्ता का मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत अतिथि प्रवक्ताओं एवं विषय विशेषज्ञों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए चयनित विशेषज्ञ बुद्ध पीजी कॉलेज, कसया में संचालित निःशुल्क कोचिंग कक्षाओं में विद्यार्थियों को पढ़ाएंगे। प्रत्येक व्याख्यान के लिए निर्धारित मानदेय भी दिया जाएगा।

जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव ने बताया कि यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट, जेईई और एसएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के शिक्षण का अनुभव रखने वाले योग्य अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन माध्यम से भी स्वीकार किए जाएंगे। ऑफलाइन आवेदन विकास भवन, रविन्द्रनगर स्थित जिला समाज कल्याण कार्यालय (कक्ष संख्या-14) में स्वयं अथवा रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से जमा किए जा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि भारतीय अर्थव्यवस्था, करेंट अफेयर्स, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण एवं पारिस्थितिकी, अंतरराष्ट्रीय संबंध तथा यूपीपीएससी से जुड़े विषयों के विशेषज्ञों को प्राथमिकता दी जाएगी। आवेदन के साथ सभी आवश्यक शैक्षिक एवं अनुभव संबंधी प्रमाण-पत्रों की स्वप्रमाणित प्रतियां संलग्न करना अनिवार्य होगा।

आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। चयन समिति अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर उनकी शैक्षिक योग्यता, विषय पर पकड़ और शिक्षण क्षमता का मूल्यांकन करेगी। साक्षात्कार की सूचना संबंधित अभ्यर्थियों को दूरभाष के माध्यम से दी जाएगी।

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभ्यर्थी abhyudayup.in पोर्टल पर प्राप्त कर सकते हैं। विभाग ने योग्य एवं अनुभवी शिक्षकों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है, ताकि विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का लाभ मिल सके।

author

Related Articles

error: Content is protected !!