गोरखपुर: राष्ट्रीय पोषण माह एवं मिशन शक्ति अभियान के तहत बुधवार को विकास भवन सभागार, गोरखपुर में भव्य पोषण पंचायत का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, आशा बहुएं, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि और बाल विकास विभाग के कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने कुपोषण उन्मूलन और महिलाओं-बच्चों के स्वास्थ्य संवर्धन के लिए सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और पोषण रैली के साथ हुई। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और आशा बहुओं ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर “कुपोषण मुक्त समाज” का संदेश दिया। इसके बाद मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार और गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर कार्यक्रम को और प्रभावी बनाया।
अपने संबोधन में चारू चौधरी ने कहा कि कुपोषण को जड़ से समाप्त करने के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे संतुलित आहार अपनाएं और बच्चों के स्वास्थ्य में लापरवाही न बरतें।
जिला कार्यक्रम अधिकारी अभिनव कुमार मिश्र ने बताया कि पोषण माह के दौरान जिलेभर में जनजागरूकता अभियान, संगोष्ठियां और स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सही पोषण संबंधी जानकारी पहुंचे। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल पोषण सुधार में सहायक हैं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक बदलाव भी लाते हैं।


