गोरखपुर: आगामी दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष तैयारी शुरू कर दी है।
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि इस बार केवल शहरी क्षेत्र में ही तकरीबन 1300 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इतने बड़े पैमाने पर आयोजन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए हैं।
त्यागी ने बताया कि दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों के साथ थानों पर शांति बैठकें आयोजित की जा रही हैं, ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की गुंजाइश न रहे।
इसके साथ ही ऐसे शरारती तत्वों की सूची तैयार की जा रही है, जिनका पूर्व में उपद्रव या विवादों से नाम जुड़ा रहा है। इन लोगों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए इस बार ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। वहीं, मूर्ति विसर्जन जुलूस के रूट का निरीक्षण अधिकारी स्वयं कर रहे हैं, ताकि भीड़ के कारण जाम या अव्यवस्था की स्थिति न बने।
पुलिस का कहना है कि त्योहारों पर पूरी सतर्कता बरती जाएगी और नागरिकों से भी शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है।


