महराजगंज: शारदीय नवरात्रि पर्व के अवसर पर महिला कल्याण विभाग द्वारा “मिशन शक्ति” फेज-5.0 के विशेष अभियान के अंतर्गत शनिवार को लैंगिक समानता विषय पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सूर्य नारायण सिंह कन्या इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राओं ने सहभागिता की।
नुक्कड़ नाटक का मुख्य उद्देश्य समाज में लड़का और लड़की के बीच भेदभाव को समाप्त करना और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन को बढ़ावा देना था। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से यह संदेश दिया कि लिंग भेदभाव से समाज में असमानता बढ़ती है, जबकि लैंगिक समानता का अर्थ है कि सभी व्यक्तियों को उनके लिंग से परे समान अधिकार, अवसर और सम्मान प्राप्त हों।

कार्यक्रम का संचालन महिला कल्याण विभाग से श्रीमती रत्ना तिवारी ने किया। उन्होंने विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी, वहीं लक्ष्मी रावत ने वन स्टॉप सेंटर की योजनाओं पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मनीषा पाण्डेय समेत कई शिक्षक-शिक्षिकाएं और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
नुक्कड़ नाटक में महिमा यादव, काजल, सनी, शिल्पा कनौजिया, सानिया खातून, तन्नू पटेल, अंशिका मौर्य, गीतांजलि जायसवाल, नेहा, कृति आर्य, प्राजंलि, शीतल मीणा चौधरी और दिव्या साहनी ने अपने अभिनय से सभी को प्रभावित किया।
कार्यक्रम में छात्राओं की भारी उपस्थिति रही। उपस्थित लोगों ने “मिशन शक्ति” जैसे अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियाँ समाज को जागरूक बनाने और महिलाओं-बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने में अहम भूमिका निभाती हैं।


