महराजगंज: पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत डिगूरी में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। फर्नीचर की दुकान पर काम करते समय करंट की चपेट में आने से 28 वर्षीय कारपेंटर संतोष प्रजापति की मौत हो गई। संतोष डिगूरी बेलहिया गांव के रहने वाले थे और डिगूरी बाजार में उनकी फर्नीचर की दुकान थी।
मिली जानकारी के मुताबिक, दोपहर में संतोष ग्राइंडर मशीन का प्लग बोर्ड में लगा रहे थे, तभी अचानक करंट लग गया। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे संतोष को साथी कारीगरों ने तुरंत पनियरा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें पीएचसी रेफर किया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की ढाई साल पहले शादी हुई थी और उनकी दो साल की बेटी ‘परी’ है। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। संतोष पांच भाइयों में सबसे छोटे थे और परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।


