महराजगंज: धनतेरस के शुभ अवसर पर शनिवार को पनियरा कस्बा रौनक और चहल-पहल से भर उठा। सुबह से ही बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ गई। सोना-चांदी के गहनों से लेकर पीतल, स्टील और चांदी के बर्तनों की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ देखी गई। शुभ मुहूर्त में खरीदारी को लेकर लोगों में खासा उत्साह नजर आया।
कस्बे के स्वर्णकार गोविंद मद्धेशिया ने बताया कि धनतेरस पर सोना-चांदी और धातु की वस्तुएं खरीदना अत्यंत शुभ माना जाता है। हर वर्ग के लोग अपनी क्षमता अनुसार सिक्के, आभूषण या बर्तन खरीदकर लक्ष्मी कृपा की कामना करते हैं। उन्होंने बताया कि सुबह से ही ग्राहकों की अच्छी आमद बनी हुई है और शाम तक बिक्री में और बढ़ोतरी की संभावना है।
स्थानीय व्यापारी अरविंद जायसवाल ने बताया कि दुकानदारों ने ग्राहकों के स्वागत के लिए विशेष सजावट की है। सोने-चांदी के गहनों के अलावा लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों, धार्मिक चित्रों, सजावटी वस्तुओं और पूजा सामग्री की बिक्री भी तेजी पर है।
पूरे कस्बे में दीपावली की आहट के साथ उल्लास का माहौल है। सड़क किनारे अस्थायी दुकानों पर दीप, दीये, झालर, मिठाइयाँ और सजावटी सामान खरीदने के लिए महिलाओं और बच्चों की भीड़ उमड़ रही है।
व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों की तुलना में इस बार धनतेरस पर खरीदारी में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। शाम होते-होते बाजारों में और भीड़ बढ़ने की उम्मीद है, जिससे पूरे पनियरा में उत्सव का माहौल पूरी तरह छा गया है।


