महराजगंज: नगर पंचायत पनियरा के अध्यक्ष उमेश चंद्र जायसवाल ने अपने ही कार्यालय के एक संविदा कर्मचारी पर अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। अध्यक्ष ने इस संबंध में पनियरा थाने में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे जब अध्यक्ष नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे तो कार्यालय सहायक दिग्विजय सिंह अनुपस्थित पाए गए। बाद में लगभग 11:15 बजे भी वे मौजूद नहीं थे, लेकिन उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर किए हुए पाए गए। इस पर अध्यक्ष ने उन्हें अनुपस्थित कर दिया और फिर वार्ड नंबर 10 के मंगरहिया बाजार एवं बसडीला छठ घाट का निरीक्षण करने निकल गए।
अध्यक्ष का आरोप है कि निरीक्षण के दौरान दिग्विजय सिंह मौके पर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। मौके पर मौजूद नगर पंचायत कर्मियों- मनोज कुमार पांडेय, अजय कुमार सिंह, गिरिजेश कुमार, बृजेश जायसवाल, सुशील मिश्रा और अनुप ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
इस दौरान निरीक्षण का वीडियो बना रहे कर्मचारी अखिलेश को भी आरोपी ने जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया और उसे भी जान से मारने की धमकी दी।
थानाध्यक्ष पनियरा ने बताया कि इस मामले में दोनों तरफ से तहरीर मिली है, आरोपी कर्मचारी का पूर्व में भी विवादित व्यवहार रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।


