गाजियाबाद: दिल्ली व एनसीआर क्षेत्रों में प्रदूषण स्तर (AQI) 400 से पार जाने के बाद सीएक्यूएम द्वारा ग्रेप (GRAP) की स्टेज-3 लागू कर दी गई है।
इसके अनुपालन के लिए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने ग्रेप की सभी स्टेजों में किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने नगर निगम, जीडीए, एनएचएआई, आवास विकास और नगर पालिका परिषद को एमआरएसएम, एंटी स्मॉग गन और वाटर स्प्रिंकलिंग मशीनें अधिक संख्या में तैनात करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिन निर्माण कार्यों, फैक्ट्रियों या वाहनों से प्रदूषण फैल रहा है, उन्हें अगले आदेश तक बंद किया जाए। निर्देशों का पालन न करने वालों पर चालान व दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कहा कि ग्रेप की स्टेज-3 के साथ-साथ स्टेज-1 व स्टेज-2 के निर्देशों का भी पालन किया जाए और प्रतिदिन की गई कार्रवाई की रिपोर्ट शाम 5 बजे तक प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भेजी जाए।
बैठक में नगर निगम, जीडीए, स्वास्थ्य, वन, यातायात पुलिस, जल निगम, परिवहन, अग्निशमन, खनन सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


