गाजियाबाद: संविधान दिवस के अवसर पर महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन ज्योति मौर्या ने अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में भारत के संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कराया। कार्यक्रम की शुरुआत अधिकारियों के क्रमबद्ध रूप से सभागार में पहुंचने और संविधान दिवस के महत्व पर संक्षिप्त परिचय के साथ हुई।
कार्यक्रम के मुख्य चरण में “हम भारत के लोग…” से आरंभ होने वाली उद्देशिका का उच्चारण किया गया, जिसमें भारत को सम्पूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथ-निरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने का संकल्प दोहराया गया। वाचन के दौरान सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता के साथ-साथ प्रतिष्ठा और अवसर की समानता जैसे संवैधानिक मूल्यों पर जोर दिया गया।
उद्देशिका के सामूहिक वाचन में राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने वाली बंधुता बढ़ाने के वाक्यांश ने कार्यक्रम की भावनात्मक गरिमा को और अधिक प्रखर बनाया। उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने संविधान के प्रति निष्ठा, नागरिक अधिकारों की रक्षा और प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन के लिए संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने संविधान दिवस की प्रासंगिकता, नागरिक जागरूकता और संवैधानिक मूल्यों के संवर्धन के प्रति प्रतिबद्धता जताई। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, जिले में विभिन्न सरकारी कार्यालयों और संस्थानों में भी संविधान दिवस के अवसर पर उद्देश्यिका वाचन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।


