बुलंदशहर: केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित SIR (Special Summary Revision) की गणना प्रक्रिया 4 नवंबर 2025 से पूरे क्षेत्र में जारी है। इस प्रक्रिया के तहत बीएलओ को प्रत्येक परिवार के मतदाताओं तक जाकर गणना प्रपत्र की दो प्रतियाँ उपलब्ध कराना और उन्हें भरवाकर कार्यालय में जमा कराना अनिवार्य किया गया है।
हालांकि कुछ क्षेत्रों से शिकायतें सामने आईं कि बीएलओ केवल एक ही कॉपी दे रहे हैं या फॉर्म वितरण में लापरवाही बरत रहे हैं। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सिकंदराबाद के एसडीएम दीपक कुमार पाल लगातार बूथों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं। वह स्वयं घर-घर जाकर फॉर्म भरने की प्रक्रिया की जानकारी जुटा रहे हैं और बीएलओ को सही दिशा-निर्देश प्रदान कर रहे हैं।
इसी दौरान कई महिला बीएलओ और सुपरवाइजरों ने अपनी मेहनत और जिम्मेदारी का परिचय दिया। उन्होंने तय समय से पहले ही अपने-अपने क्षेत्रों में 100% गणना कार्य पूरा कर दिया।
सोमवार, 01 दिसंबर 2025 को एसडीएम दीपक कुमार पाल ने तहसील सभागार में सात बीएलओ और सुपरवाइजरों-जयकरण, मुकेश, राजकुमारी, नीलम भाटी, अमीता, सरिता और मिथलेश—को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
एसडीएम ने बताया कि इन सभी ने अपने क्षेत्रों में गणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रहण और सत्यापन का पूरा कार्य समय पर और सटीक तरीके से पूरा किया है, जो अन्य कार्मिकों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। प्रशासन ने इनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे समर्पित कर्मचारी ही सरकारी योजनाओं को सफल बनाते हैं।


