बुलंदशहर: शिकारपुर में आगामी 11 दिसंबर दिन गुरुवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है और अधिकारियों द्वारा लगातार व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार बीडीओ शिकारपुर विभोर गुप्ता ने बताया कि इस बार विवाह समारोह में चार ब्लॉक शिकारपुर, पहासू, डिबाई और दानपुर के वैवाहिक जोड़ों की शादियाँ एक ही मंडप के नीचे संपन्न कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें सम्मानजनक जीवन देने का उद्देश्य रखती है।
बीडीओ गुप्ता ने क्षेत्रीय लोगों से अपील की है कि जिन परिवारों को अपनी बेटियों की शादी इस योजना के तहत करानी हो, वे अपने नजदीकी जन सेवा केंद्र, ग्राम पंचायत सचिव या ग्राम प्रधान से संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं। योजना के अंतर्गत सरकार द्वारा ₹1,00,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
₹60,000 कन्या के खाते में डीबीटी के माध्यम से
₹25,000 घरेलू उपयोग की वस्तुओं हेतु
₹15,000 समारोह खर्च के रूप में
आवेदन हेतु आवश्यक दस्तावेजों में लड़का-लड़की का आधार कार्ड, फोटो, कन्या का बैंक खाता नंबर, जाति प्रमाण पत्र, पिता का आय प्रमाण पत्र शामिल है। कन्या की आयु 18 वर्ष से अधिक होना अनिवार्य है।
क्या कहते हैं अधिकारी?
समाज कल्याण विभाग के एडीओ नपेंद्र यादव ने बताया कि ‘‘कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सभी जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारी पूरी तन्मयता के साथ लगे हुए हैं। व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है और तैयारियों को और तेज कर दिया गया है।’’


