कुशीनगर: जनपद के हाटा थाना क्षेत्र अंतर्गत हाटा नगर पंचायत के पिपराइच चौराहा, नेशनल हाईवे-28 पर रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब एक चलती मोटरसाइकिल अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण आग की लपटों में घिर गई। देखते ही देखते बाइक आग का गोला बन गई और हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मोटरसाइकिल के इंजन हिस्से से पहले धुआं उठता दिखाई दिया। आसपास मौजूद राहगीरों ने तुरंत शोर मचाकर चालक को सतर्क किया।
हालात की गंभीरता को समझते हुए मोटरसाइकिल सवार ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती बाइक से कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही पलों में आग तेज हो गई और मोटरसाइकिल पूरी तरह उसकी चपेट में आ गई।
घटना की सूचना मिलते ही हाटा थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया और राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाधित यातायात को सुचारू कराया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर लोगों की भीड़ जमा रही, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति जल्द ही सामान्य कर दी गई।


