गाजियाबाद: जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने शुक्रवार को जीटी रोड स्थित एमएमजी अस्पताल का निरीक्षण कर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न वार्डों में जाकर भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे संवाद किया तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सीय सुविधाओं की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने मरीजों से डॉक्टरों की नियमित विजिट, उपचार की गुणवत्ता, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों के व्यवहार के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। मरीजों द्वारा दी गई प्रतिक्रियाओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक बेहतर बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने मरीजों को फल वितरित कर उनका मनोबल भी बढ़ाया।
ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में मौजूद जरूरतमंद मरीजों एवं उनके तीमारदारों को कंबल वितरित किए। उन्होंने कहा कि शासन की स्पष्ट मंशा है कि अस्पताल आने वाला कोई भी व्यक्ति असुविधा का शिकार न हो और जरूरतमंदों को समय पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर एवं रैन बसेरे की साफ-सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार से अस्पताल की कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता, जन औषधि केंद्र में दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों की समयबद्ध उपस्थिति एवं आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत बनाए जा रहे कार्डों की प्रगति की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड शीघ्रता से बनाए जाएं, जिससे उन्हें निःशुल्क उपचार का लाभ मिल सके।
अंत में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर, संवेदनशील एवं मानवीय उपचार उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाएगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


