देवरिया: जनपद में उप निदेशक कृषि सुभाष मौर्य ने पीएम कुसुम सोलर पंप योजना के अंतर्गत बुकिंग कराने वाले समस्त कृषकों को महत्वपूर्ण सूचना दी है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत जिन किसानों ने सोलर पम्प के लिए आवेदन किया था, उनके टोकन कन्फर्म कर दिए गए हैं।
उप निदेशक कृषि ने बताया कि योजना में चयनित किसानों को अपना कृषक अंश जमा करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है। किसान यह धनराशि कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल agriculture.up.gov.in पर जाकर ऑनलाइन माध्यम से अथवा चालान के माध्यम से जमा कर सकते हैं।
उन्होंने किसानों को सतर्क करते हुए कहा कि इन दिनों पंजीकृत किसानों के मोबाइल नंबरों पर कुछ अनजान और फर्जी कॉल आ रही हैं, जिनमें योजना के नाम पर व्यक्तिगत जानकारी या भुगतान से संबंधित विवरण मांगा जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कृषि विभाग द्वारा किसी भी किसान से फोन पर व्यक्तिगत जानकारी नहीं मांगी जाती। ऐसे कॉल से सावधान रहें और किसी भी प्रकार की जानकारी साझा न करें।
सोलर पम्प योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए किसान अपने नजदीकी विकास खण्ड स्तर स्थित राजकीय कृषि बीज भण्डार से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, जनपद स्तर पर स्थित उप कृषि निदेशक कार्यालय में भी आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल सरकारी और आधिकारिक माध्यमों से ही भुगतान करें तथा किसी भी प्रकार के प्रलोभन या भ्रमित करने वाली कॉल से सतर्क रहें।


