गाज़ियाबाद: युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत, गाजियाबाद द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन ब्लूम वर्ल्ड स्कूल, मथुरापुर के खेल मैदान में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधक सुशील नागर एवं प्रधानाचार्य ललिता नगर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उद्घाटन अवसर पर उपस्थित खिलाड़ियों और अतिथियों ने खेल भावना और अनुशासन को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए देवेंद्र कुमार, उपनिदेशक, मेरा युवा भारत गाजियाबाद ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण और कैरियर को नई दिशा देने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे कस्बों में अपार खेल प्रतिभा मौजूद है, किंतु उचित अवसर और मार्गदर्शन के अभाव में अनेक प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पातीं। मेरा युवा भारत ऐसे युवाओं को पहचान दिलाने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।
प्रतियोगिता में बालिकाओं के लिए समूह स्पर्धा में खो-खो तथा एकल स्पर्धा में 100 मीटर, 200 मीटर दौड़ और बैडमिंटन शामिल की गई। वहीं बालकों के लिए समूह स्पर्धा में वॉलीबॉल तथा एकल स्पर्धा में 400 मीटर, 200 मीटर दौड़ एवं कुश्ती का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल और अनुशासन का परिचय दिया।
बालिका वर्ग में 200 मीटर दौड़ में इशिका ने प्रथम, काजल ने द्वितीय एवं भावना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ में निधि प्रथम, सोनी द्वितीय और भावना तृतीय स्थान पर रहीं। खो-खो प्रतियोगिता में ब्लूम वर्ल्ड स्कूल की टीम विजेता रही, जबकि सीडीआरएस स्कूल की टीम उपविजेता बनी। बैडमिंटन में कनिष्का ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बालक वर्ग में 400 मीटर दौड़ में दीपक प्रथम, तनिष द्वितीय और लवीश तृतीय स्थान पर रहे। 200 मीटर दौड़ में जतिन प्रथम, विनीत द्वितीय तथा वंश तृतीय स्थान पर रहे। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में सीडीआरएस की टीम ने प्रथम एवं ब्लूम वर्ल्ड स्कूल की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
खेल प्रतियोगिता के सफल आयोजन में मास्टर बालचंद नागर, सुनील नागर, पिंकी चौधरी, अर्चना, अभिषेक, पवन, वीरेंद्र और आदित्य का विशेष योगदान रहा। साथ ही खुशी और वैष्णवी के सहयोग को भी सराहा गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी विजेता खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त निर्णायक मंडल के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों को भी मेडल, प्रमाणपत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।


