Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

तरया सुजान में क्रिकेट का रोमांच, अंतिम गेंद पर निकला फाइनल का नतीजा, चौके के साथ बारी टोला बनी चैंपियन

तरया सुजान में क्रिकेट का रोमांच, अंतिम गेंद पर निकला फाइनल का नतीजा, चौके के साथ बारी टोला बनी चैंपियन

कुशीनगर: ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से पठानी टोला स्थित यूनिटी स्टेडियम में आयोजित 15वें डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का शनिवार देर रात रोमांचक समापन हो गया। दो दिनों तक चले इस बहुचर्चित आयोजन के फाइनल मुकाबले में बारी टोला ने खलवा टोला को अंतिम गेंद पर चौका लगाकर हराते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

फाइनल मैच शुरू से ही रोमांच से भरपूर रहा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी खलवा टोला की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में संयमित और आक्रामक खेल का मिश्रण दिखाते हुए 83 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य छोटा जरूर था, लेकिन फाइनल का दबाव मैच को बेहद दिलचस्प बना रहा।

जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी बारी टोला की टीम ने तेज शुरुआत की, लेकिन खलवा टोला के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर मुकाबले को पूरी तरह खुला रखा। जैसे-जैसे ओवर कम होते गए, मैदान में मौजूद दर्शकों का उत्साह भी चरम पर पहुंच गया।

मुकाबला अंतिम गेंद तक पहुंचा, जहां बारी टोला को जीत के लिए चार रन की जरूरत थी। पूरे मैदान में सन्नाटा पसरा हुआ था और हर निगाह बल्लेबाज पर टिकी थी। दबाव भरे उस क्षण में बल्लेबाज ने शानदार शॉट खेलते हुए गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचा दिया। चौका लगते ही मैदान तालियों, शोर और जयघोष से गूंज उठा। खिलाड़ियों और समर्थकों ने मैदान में उतरकर जीत का जश्न मनाया।

समापन समारोह में विजेता बारी टोला और उपविजेता खलवा टोला की टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के दौरान शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए। पूरे आयोजन में खेल भावना, अनुशासन और आपसी सौहार्द का उत्कृष्ट उदाहरण देखने को मिला।

टूर्नामेंट के आयोजक एवं क्रिकेट हाइलाइट्स डॉट कॉम के चेयरमैन दानिश अहमद खान ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन उन्हें अवसर और सही मंच मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि इस बार टूर्नामेंट में करीब पांच किलोमीटर के दायरे की स्थानीय टीमों को शामिल किया गया, जिससे क्षेत्रीय खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिला।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य सिर्फ खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को नशे और सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हुए सकारात्मक दिशा देना भी है। आने वाले समय में टूर्नामेंट को और बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी की जाएगी, ताकि यहां के खिलाड़ी जिले और प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

समापन के अवसर पर पत्रकार आसिफ खान, हाफिज हामिद राजा और अजान को समिति की ओर से विशेष अतिथि सम्मान से नवाजा गया। आयोजन समिति ने उनके सहयोग और योगदान की सराहना की।

इस सफल आयोजन को संपन्न कराने में आजाद खान सोनू, आरिफ खान, जावेद खान, जीशान खान, अजान खान, नूर मोहम्मद खान ‘जादूगर’, मुराद खान, साहिल, इजहार, इसफाक, बिट्टू और जहान सहित समिति के सदस्यों की अहम भूमिका रही।

author

Related Articles

error: Content is protected !!