अहमदाबाद: आईसीसी T20 वर्ल्ड कप 2026 अपने अंतिम और सबसे रोमांचक पड़ाव पर पहुंच गया है। आज का दिन क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद खास होने वाला है। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार (8 मार्च) को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। यह हाई-वोल्टेज मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा जिस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में नजर आई है। टीम इंडिया ने सुपर-8 और सेमीफाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया है। भारत के पास एक और आईसीसी खिताब जीतकर इतिहास रचने का सुनहरा मौका है। वहीं न्यूजीलैंड की टीम पहली बार T20 विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
भारत बनाम न्यूजीलैंड का हेड टू हेड रिकॉर्ड
T20 इंटरनेशनल में भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक कुल 30 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें भारत ने 16 मैच जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड ने 11 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। कुछ मैच बेनतीजा भी रहे हैं।
हालांकि, टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में न्यूजीलैंड का पलड़ा भारी रहा है। विश्व कप में दोनों टीमों के बीच अब तक तीन मैच खेले गए हैं और तीनों में जीत न्यूजीलैंड को मिली है।
- 2007 (जोहानिसबर्ग): न्यूजीलैंड ने भारत को 10 रन से हराया
- 2016 (नागपुर): न्यूजीलैंड ने 126 रन बनाकर भारत को 79 रन पर समेट दिया
- 2021: न्यूजीलैंड ने भारत को 8 विकेट से हराया
ऐसे में आज का फाइनल मुकाबला भारत के लिए पुराने रिकॉर्ड को बदलने का भी सुनहरा अवसर होगा।
जानिए नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच रिपोर्ट
अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल माना जाता है। यहां चौके और छक्कों की भरमार देखने को मिलती है। इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर करीब 174 रन रहा है, जबकि दूसरी पारी में औसत स्कोर लगभग 150 रन है।
T20 वर्ल्ड कप 2026 में यहां अब तक एक मुकाबला खेला गया है, जिसमें दक्षिण अफ्रीका ने 213 रन बनाकर कनाडा को हराया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक फाइनल के लिए मिक्स्ड सॉइल पिच तैयार की जा रही है, जिसमें रेड सॉइल का प्रतिशत ज्यादा होगा। इससे बल्लेबाजों को अच्छी उछाल और बड़े शॉट खेलने में मदद मिल सकती है।
अहमदाबाद का कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक फाइनल मुकाबले के दिन बारिश की संभावना बेहद कम है। साफ आसमान के बीच मैच बिना किसी रुकावट के पूरा होने की उम्मीद है।
मैच के दिन अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शाम के समय मुकाबला होने के कारण खिलाड़ियों को दिन की गर्मी से राहत मिल सकती है।
भारत की संभावित भारतीय प्लेइंग 11
टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया है। ऐसे में उम्मीद है कि भारतीय टीम बिना किसी बदलाव के उसी प्लेइंग 11 के साथ मैदान में उतरेगी।
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती/कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह।
सभी की निगाहें अहमदाबाद में होने वाले इस महामुकाबले पर टिकी हुई हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या भारत T20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सिलसिला तोड़ पाएगा या कीवीयों की टीम पहली बार यह खिताब अपने नाम कर इतिहास रचेगी।


