Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

नितेश सिंह पटेल की पुण्यतिथि पर अनोखी पहल, मेधावी छात्रों को साइकिल देकर बढ़ाया शिक्षा का उत्साह

नितेश सिंह पटेल की पुण्यतिथि पर अनोखी पहल, मेधावी छात्रों को साइकिल देकर बढ़ाया शिक्षा का उत्साह

कुशीनगर: जनपद के सेवरही विकासखंड अंतर्गत सलेमगढ़ ग्राम सभा के प्रमुख बाजार स्थित एनएसपी ग्रामीण संस्थान द्वारा स्वर्गीय नितेश सिंह पटेल की तृतीय पुण्यतिथि को शिक्षा प्रोत्साहन दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के सरकारी प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के संसाधनहीन लेकिन प्रतिभाशाली बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करना और उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना रहा। परीक्षा में कक्षा 6, 7 और 8 के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता के परिणाम में कक्षा 6 में गोल्डी कुमारी (पुत्री मनोज मद्धेशिया, निवासी सलेमगढ़ खास), कक्षा 7 में दिलकुश शर्मा (पुत्र विजय शर्मा, निवासी सलेमगढ़ मौजा) तथा कक्षा 8 में श्वेता यादव (पुत्री ललन यादव, निवासी सलेमगढ़ जमुनिया टोला) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। संस्थान की ओर से इन तीनों टॉपर छात्रों को एक-एक साइकिल देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार सुरेन्द्र नाथ द्विवेदी तथा पत्रकार राम बाबू मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने मेधावी छात्रों को पुरस्कार प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय नितेश सिंह पटेल की स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक सराहनीय प्रयास है। इससे विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ेगी और वे अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्थान के संस्थापक नरेंद्र सिंह पटेल, समाजसेवी विकाश पटेल, विशाल रावत, सूचित शर्मा, अभिषेक मद्धेशिया, वीरू पटेल, गुड्डू पटेल, संतोष शर्मा, शनि प्रकाश रावत, सचिन, मनीष ठाकुर, उपेन्द्र पटेल, वतनदीप, रवि, गोविंद रावत, अंकित शर्मा, करन और जैकी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन मनीष कुमार ने किया।

author

Related Articles

error: Content is protected !!