महराजगंज: नौतनवा ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत बड़हरा स्थित पंचायत भवन में शनिवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित व प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
चौपाल को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम चौपाल का उद्देश्य प्रशासन को गांव तक पहुंचाकर आम लोगों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनका मौके पर समाधान करना है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े, इसलिए गांवों में नियमित रूप से ग्राम चौपाल आयोजित की जा रही है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्राम स्तर पर लंबित मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा अधूरी योजनाओं को अभियान चलाकर शीघ्र पूरा कराया जाए। उन्होंने मनरेगा सहित अन्य विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कार्यस्थलों पर सूचना पट्ट अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी संभव है जब ग्रामीण जागरूक होंगे। जागरूकता से योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनी रहती है और पात्र लाभार्थियों को ही उसका लाभ मिल पाता है।
ग्राम चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों के आवेदन भी कराए गए। जिलाधिकारी ने पंचायत सहायक, सफाईकर्मी, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के कार्यों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि सभी कर्मचारी नियमित रूप से गांव में आते हैं और उनके कार्यों को लेकर संतोष व्यक्त किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को लगभग 1.08 लाख रुपये का अनुदान दिया जाता है। इससे बिजली बिल में कमी आती है और अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में बेचकर आय भी अर्जित की जा सकती है।
खंड विकास अधिकारी अमित कुमार मिश्र ने बताया कि ग्राम पंचायत की कुल जनसंख्या 2614 है और यहां 508 परिवार निवास करते हैं। ग्राम पंचायत में 569 आयुष्मान कार्ड, 644 किसान सम्मान निधि, 450 पात्र गृहस्थी कार्ड, 33 अंत्योदय कार्ड, 94 वृद्धावस्था पेंशन, 21 निराश्रित महिला पेंशन और 10 दिव्यांग पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। इसके अलावा गांव में 336 किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री तथा 56 परिवारों की फैमिली आईडी बनाई जा चुकी है। जिलाधिकारी ने इन कार्यों को और तेज गति से पूरा करने के निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। साथ ही 77 लोगों को चिकित्सीय परामर्श और दवाएं प्रदान की गईं, जबकि 26 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।
कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी ने किया। इस अवसर पर डीएफओ निरंजन सुर्वे, सीएमओ डॉ. एन.एन. प्रसाद, एसडीएम नौतनवा नवीन प्रसाद, एडीओ पंचायत रामकृष्ण प्रसाद, एपीओ शशिकांत, प्रधान प्रतिनिधि विजय मद्धेशिया, ग्राम पंचायत सचिव तेजेन्द्र सिंह सहित जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


