Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

लोनी में गरजा GDA का बुलडोजर, 20 हजार वर्गमीटर में बसी अवैध कॉलोनी जमींदोज, सड़कें भी तोड़ी गईं

लोनी में गरजा GDA का बुलडोजर, 20 हजार वर्गमीटर में बसी अवैध कॉलोनी जमींदोज, सड़कें भी तोड़ी गईं

गाजियाबाद: गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को लोनी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20 हजार वर्गमीटर भूमि पर विकसित की जा रही एक अनधिकृत कॉलोनी को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान दर्जनों अवैध निर्माण, बाउंड्रीवाल और आंतरिक सड़कें जेसीबी मशीनों की मदद से हटाई गईं।

प्राधिकरण के मुताबिक, GDA उपाध्यक्ष के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-8 की टीम ने ग्राम मीरपुर हिन्दू, नवादा लोनी स्थित सैनिक विहार कॉलोनी में निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि सलमान और मोहसिन द्वारा बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के बड़े पैमाने पर कॉलोनी विकसित की जा रही थी। लगभग 20,000 वर्गमीटर क्षेत्र में की गई इस अवैध प्लॉटिंग में करीब 60 से 70 भूखंडों की बाउंड्रीवाल खड़ी कर दी गई थी और आंतरिक सड़कें भी तैयार कर ली गई थीं।

इसके बाद उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम, 1973 के प्रावधानों के तहत ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। स्थानीय पुलिस और प्राधिकरण पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों से अवैध निर्माणों को हटाया गया। अभियान के दौरान पूरी कार्रवाई का फोटोग्राफिक रिकॉर्ड भी तैयार किया गया।

इस अभियान का नेतृत्व प्रभारी प्रवर्तन जोन-8 ने किया। मौके पर सहायक अभियंता राजीव गौतम, अवर अभियंता अखिल मिश्रा, प्रवर्तन जोन-8 का स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस दस्ता तथा स्थानीय पुलिस बल मौजूद रहा।

GDA ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध कॉलोनियों, अवैध प्लॉटिंग और बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण कार्यों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी भूखंड या संपत्ति की खरीद से पहले उसकी वैधानिक स्वीकृति और प्राधिकरण से संबंधित अभिलेखों की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में आर्थिक नुकसान और कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।

author

Related Articles

error: Content is protected !!