Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

Rampur News: जनता दर्शन में डीएम की पहल, बीमार बच्चों के इलाज के लिए दो परिवारों को दिलाई आर्थिक मदद

Rampur News: जनता दर्शन में डीएम की पहल, बीमार बच्चों के इलाज के लिए दो परिवारों को दिलाई आर्थिक मदद

रामपुर: जिले में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम जरूरतमंदों के लिए राहत का माध्यम बनता जा रहा है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी अजय कुमार त्रिवेदी के निर्देश पर दो परिवारों को अपने बीमार बच्चों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई। यह सहायता चाइल्ड केयर प्रोटेक्शन फंड के माध्यम से उपलब्ध कराई गई।

दरअसल, पिछली जनता दर्शन में दो परिवार अपने बीमार बच्चों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे थे। परिजनों ने जिलाधिकारी को बताया था कि आर्थिक तंगी के कारण बच्चों का इलाज कराना मुश्किल हो रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तुरंत मदद का आश्वासन दिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

डीएम के निर्देश के बाद आईसीडीएस विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चाइल्ड केयर प्रोटेक्शन फंड से सहायता स्वीकृत कराई। इसके तहत तहसील सदर के ग्राम सिंधरी नकर निवासी अफनान के परिजनों को 47 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। अफनान का इलाज मुरादाबाद के डीएनबी अस्पताल में चल रहा है।

इसी क्रम में तहसील सदर के नालापार निवासी अक्शा के परिजनों को 46,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। अक्शा का उपचार एक मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में जारी है। इस प्रक्रिया में आईसीडीएस के जिला कार्यक्रम अधिकारी धर्मेंद्र कुमार मिश्रा ने विशेष रुचि लेते हुए सभी औपचारिकताओं को तेजी से पूरा कराया, जिससे सहायता राशि रिकॉर्ड समय में लाभार्थियों तक पहुंच सकी।

जिलाधिकारी अजय कुमार त्रिवेदी ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पैसों की कमी के कारण किसी भी बच्चे का इलाज रुकने नहीं दिया जाएगा। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए।

Related Articles

error: Content is protected !!