Hindi Express News
  • July 31, 2026
  • Last Update July 30, 2026 6:47 AM
  • Lucknow

कुशीनगर में अटल युवा संवाद का भव्य आयोजन, मेधावी विद्यार्थियों के साथ-साथ युवा उद्यमियों का भी हुआ सम्मान

कुशीनगर में अटल युवा संवाद का भव्य आयोजन, मेधावी विद्यार्थियों के साथ-साथ युवा उद्यमियों का भी हुआ सम्मान

कुशीनगर: तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र के दाहूगंज स्थित मिनी स्टेडियम में सोमवार को दिनकर विचार मंच के तत्वावधान में ‘अटल युवा संवाद’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर युवाओं के साथ संवाद स्थापित किया गया, वहीं प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों, युवा उद्यमियों और समाज के वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया।

कार्यक्रम का आयोजन पूर्व ब्लॉक प्रमुख, समाजसेवी एवं भाजपा नेता डॉ. विजय कुमार राय के नेतृत्व में किया गया। इसमें तमकुहीराज विधानसभा के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में युवा, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामचंद्र उपाध्याय ने की।

‘अटल युवा संवाद’ का उद्देश्य युवाओं को ऐसा मंच उपलब्ध कराना था, जहां वे शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास, उद्यमिता तथा क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा कर सकें। इस दौरान युवाओं ने विभिन्न मुद्दों पर अपनी राय रखी और क्षेत्र के विकास के लिए सकारात्मक सुझाव भी दिए।

कार्यक्रम के दौरान नीट (NEET) परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले 11 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। साथ ही स्वरोजगार की दिशा में उल्लेखनीय पहल करते हुए अपना स्टार्टअप शुरू करने वाले पांच युवा उद्यमियों को भी सम्मानित किया गया। समाज के वरिष्ठ नागरिकों को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके अनुभव, मार्गदर्शन और सामाजिक योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। लोकगायक गोलू गुंजन और विनय तिवारी ने भक्ति गीतों एवं प्रेरणादायक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। वहीं मंच संचालन कवि मनंजय तिवारी ने अपनी प्रभावशाली शैली, काव्य-पाठ और ओजपूर्ण वक्तव्य से किया।

मुख्य आयोजक डॉ. विजय कुमार राय ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास की सबसे बड़ी शक्ति उसके युवा होते हैं। यदि युवाओं को सही दिशा, अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों और युवा उद्यमियों का सम्मान करने का उद्देश्य अन्य युवाओं को भी आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है।

उन्होंने कहा कि ‘अटल युवा संवाद’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों, विचारों और संकल्पों को सुनने का सशक्त मंच है। उनका प्रयास है कि तमकुहीराज का प्रत्येक युवा शिक्षा, रोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे तथा क्षेत्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाए। उन्होंने क्षेत्रवासियों के विश्वास और स्नेह को अपनी सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए सभी के सहयोग से विकास की यात्रा को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम के समापन पर आयोजन को सफल बनाने वाले सभी वरिष्ठजनों, युवाओं, कलाकारों, सहयोगियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर भाजपा युवा नेता निलय सिंह ने डॉ. विजय कुमार राय के सफल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं को नई सोच, नई दिशा और बेहतर अवसर प्रदान करने का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी युवाओं की ओर से डॉ. राय का आभार व्यक्त किया।

author

Related Articles

error: Content is protected !!