गाजियाबाद: आगामी चुनावों की तैयारियों को गति देने और बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोनी विधानसभा क्षेत्र में ‘बूथ अध्यक्ष भौतिक सत्यापन सम्मेलन’ का आयोजन किया। कारवां मैरिज होम में आयोजित इस सम्मेलन में बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजकों और पार्टी पदाधिकारियों की उपस्थिति में संगठन की सक्रियता की समीक्षा की गई तथा आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुई। भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी चैनपाल ने सम्मेलन की भूमिका रखते हुए कहा कि पार्टी की मजबूती का सबसे मजबूत आधार बूथ स्तर का संगठन है और प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे वाई.पी. सिंह (चेयरमैन, यूपी सिडको) ने शीर्ष नेतृत्व के निर्देशों के अनुरूप सभी बूथ अध्यक्षों की उपस्थिति का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने बूथ समितियों की कार्यप्रणाली, सदस्यता अभियान की स्थिति और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को बूथों पर नियमित संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि भाजपा की चुनावी सफलता का आधार बूथ स्तर का मजबूत संगठन है। उन्होंने बूथ अध्यक्षों से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने और जनता से लगातार संवाद बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब बूथ मजबूत होगा, तभी संगठन और लोकतंत्र दोनों मजबूत होंगे।
सम्मेलन में वरिष्ठ नेताओं ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर कार्यकर्ताओं को पूरी ऊर्जा और अनुशासन के साथ जुटने का संदेश दिया। साथ ही संगठन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए बूथ स्तर पर समन्वय बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष सतपाल प्रधान, जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट सुनील निठौरा, राजकुमार मास्टर, आकाश गौतम, प्रदीप गोस्वामी, जिला मंत्री सीमा सैनी, कृष्ण बंसल, जिला मीडिया प्रभारी ब्रह्ममेश तिवारी, मंडल अध्यक्ष संतोष मिश्रा, जितेंद्र गुप्ता, मनीष चौहान, अश्वनी कुमार, मंडल महामंत्री रविंद्र पंवार, सुरेश पाल, संजीव शर्मा, सभासद दल अध्यक्ष रोहित भारद्वाज, विपिन कसाना, आदेश कसाना, प्रशांत झा, रवीश कुमार, सानू वर्मा, विजय मिश्रा, वरुण धामा, मनोज वर्मा, नितिन गुप्ता, सचिन चौधरी, करन ग्रोवर सहित बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


