महराजगंज: दृढ़ संकल्प, साहस और समाज के प्रति सकारात्मक सोच का परिचय देते हुए परसामलिक थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेखुआनी टोला नौडिहवा निवासी उमेश कृष्ण गौड़ ने विश्व शांति, जनकल्याण और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर साइकिल से भारत भ्रमण की प्रेरणादायी यात्रा शुरू कर दी है। बुधवार को नौडिहवा चौराहे से उनकी यात्रा का शुभारंभ हुआ, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों और समाजसेवियों ने उन्हें शुभकामनाओं के साथ भावभीनी विदाई दी।
उमेश कृष्ण ने बताया कि उनका लक्ष्य केवल देश के विभिन्न हिस्सों की यात्रा करना नहीं, बल्कि लोगों के बीच शांति, सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक जागरूकता का संदेश पहुंचाना भी है। उन्होंने भारत के सभी 28 राज्यों का साइकिल से भ्रमण करने का संकल्प लिया है। इस दौरान वे प्रमुख धार्मिक स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े स्थानों का अवलोकन करेंगे तथा विभिन्न प्रदेशों की जीवनशैली और परंपराओं को करीब से समझने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने बताया कि लंबे समय से समाचार पत्रों और अन्य माध्यमों में साइकिल यात्राओं की प्रेरक कहानियां पढ़ने के बाद उनके मन में भी समाज और देश के लिए कुछ अलग करने का विचार आया। इसी सोच ने उन्हें इस अनूठी यात्रा के लिए प्रेरित किया।
यात्रा के पहले दिन उमेश परसामलिक चौराहे से रवाना होकर ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र स्थित पंचमुखी शिव मंदिर (मिनी बाबा धाम) पहुंचे। वहां भगवान शिव का दर्शन-पूजन करने के बाद उन्होंने रात्रि विश्राम किया और अपनी आगामी यात्रा के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।
यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर संतोष गुप्ता, ज्ञान चंद यादव, राकेश, दीपू, अख्तर, बिपुल यादव, अमन, राजेश, रमेश यादव, मुख्तार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने उमेश कृष्ण के इस प्रेरणादायी अभियान की सराहना करते हुए उनकी सुरक्षित, सफल और मंगलमय यात्रा की कामना की। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे प्रयास युवाओं में सकारात्मक सोच, देशप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।


