Hindi Express News
  • September 5, 2026
  • Last Update August 24, 2026 8:46 PM
  • Lucknow

कुशीनगर को मिली डबल इंजन सरकार की बड़ी सौगात, सीएम योगी करोड़ों की परियोजनाओं का लोकार्पण

कुशीनगर को मिली डबल इंजन सरकार की बड़ी सौगात, सीएम योगी करोड़ों की परियोजनाओं का लोकार्पण

कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कुशीनगर के टेकुआटार में आयोजित विशाल जनसभा के दौरान जनपद को विकास की बड़ी सौगात देते हुए लगभग ₹525 करोड़ की लागत वाली 464 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने सड़क, शिक्षा, कृषि, पर्यटन और आधारभूत संरचना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा करते हुए कहा कि पूर्वांचल का विकास प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की शुरुआत विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों के निरीक्षण से की। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और कहा कि सरकार की मंशा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, आवास एवं उद्योग विभाग सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और चेक वितरित किए। उन्होंने 110 वर्ष और 104 वर्ष की आयु के दो वरिष्ठ नागरिकों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज सुशासन, मजबूत कानून-व्यवस्था और तेज़ विकास की पहचान बन चुका है। प्रदेश में निवेश, औद्योगिक विकास, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के हर गांव, हर किसान, हर युवा और हर जरूरतमंद तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत होने के कारण निवेशकों का विश्वास बढ़ा है और रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। उन्होंने पूर्वी उत्तर प्रदेश में इंसेफेलाइटिस नियंत्रण, मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और स्वच्छता अभियान को सरकार की बड़ी उपलब्धियां बताया।

कसया-रामकोला मार्ग के निर्माण का भरोसा

मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए कहा कि कसया-रामकोला मार्ग का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा। इससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।

एयरपोर्ट, कृषि विश्वविद्यालय-नारायणी पुल पर बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया की परिस्थितियों के कारण कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से नियमित उड़ानों के संचालन में कुछ विलंब हुआ है, लेकिन जल्द ही यहां से नियमित विमान सेवाएं शुरू होंगी। भविष्य में कुशीनगर को गया और जेवर एयरपोर्ट से जोड़ने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा, जिससे पर्यटन और व्यापार को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि कुशीनगर कृषि विश्वविद्यालय का जल्द शुभारंभ होगा, जो आधुनिक कृषि अनुसंधान, नई तकनीकों और किसानों के प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने नारायणी नदी के दियारा क्षेत्र में लगभग ₹800 करोड़ की लागत से प्रस्तावित पुल परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी डीपीआर तैयार की जा रही है। पुल बनने के बाद क्षेत्र के गांवों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार और बेहतर परिवहन सुविधाओं का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा पूर्वांचल सहित पूरे उत्तर प्रदेश को नई विकास ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान, राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह, सांसद विजय कुमार दुबे, सांसद रवि किशन, जिले के सभी विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, भाजपा पदाधिकारी, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।

author

Related Articles

error: Content is protected !!