महराजगंज: दहेज उत्पीड़न के मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए महराजगंज की पनियरा पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। थाना क्षेत्र में दर्ज दहेज प्रताड़ना के मुकदमे में वांछित एक ही परिवार के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपदभर में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थाना पनियरा पुलिस ने योजनाबद्ध ढंग से कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्तों को हिरासत में लिया।
पुलिस के मुताबिक थाना पनियरा में दर्ज मु0अ0सं0 209/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2), 85 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज है। इसी मामले में फरार चल रहे राहुल (23 वर्ष) पुत्र पियारे, पियारे (60 वर्ष) पुत्र कुंजल तथा रमावती देवी (58 वर्ष) पत्नी पियारे, निवासी ग्राम रजौड़ा पंजुम, थाना पनियरा, जनपद महराजगंज को गिरफ्तार किया गया।
थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम में उपनिरीक्षक पंकज यादव, कांस्टेबल नरेन्द्र यादव, हिमांशु श्रीवास्तव, महिला कांस्टेबल प्रिया कुमार एवं पल्लवी खरवार शामिल रहीं।
पुलिस ने कहना है कि गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है तथा मामले में विधिक कार्रवाई नियमानुसार आगे बढ़ाई जा रही है। जनपद पुलिस का कहना है कि महिलाओं से जुड़े अपराधों और दहेज प्रताड़ना जैसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


