महराजगंज: परसामलिक थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बैकुंठपुर उर्फ बोदरवार में मंगलवार रात एक 17 वर्षीय किशोर घर के कमरे में मृत पाया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, बैकुंठपुर उर्फ बोदरवार निवासी रामरूप चौधरी का 17 वर्षीय पुत्र राजीत चौधरी मंगलवार शाम घर पर अकेला था। उसकी मां कुशमावती देवी खेत में धान की सोहनी करने गई थीं। देर शाम जब वह वापस लौटीं तो कमरे का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। उन्होंने बेटे को कई बार आवाज लगाई और दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
काफी देर तक कोई जवाब न मिलने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने खिड़की से अंदर देखा तो बेटा कमरे के भीतर अचेत अवस्था में लटका दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिस पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल परसामलिक पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विवेक कुमार सिंह पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतारा। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए, जिसके बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक की मां कुशमावती देवी ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य नहीं है। आजीविका की तलाश में उनके पति रामरूप चौधरी और बड़ा बेटा इंद्रजीत कानपुर में मजदूरी करने गए हुए हैं। घर पर वह और राजीत ही रहते थे। घटना की सूचना मिलते ही पिता और बड़ा भाई कानपुर से गांव के लिए रवाना हो गए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
थानाध्यक्ष विवेक कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों की पुष्टि की जाएगी। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


