Hindi Express News
  • September 5, 2026
  • Last Update August 24, 2026 8:46 PM
  • Lucknow

रहस्यमयी मौत या हत्या? महराजगंज में नवविवाहिता की मौत ने खड़े किए कई सवाल, फोरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा

रहस्यमयी मौत या हत्या? महराजगंज में नवविवाहिता की मौत ने खड़े किए कई सवाल, फोरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा

महराजगंज: जिस घर से शुक्रवार को बेटी की विदाई होनी थी, वहां कुछ ही घंटों में मातम छा गया। पनियरा थाना क्षेत्र के रजौड़ा गांव के लाइन टोला में एक नवविवाहिता का शव उसके कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मिली जानकारी के मुताबिक अवसानी गांव निवासी छेदी ने अपनी पुत्री रोशनी का विवाह 26 अप्रैल 2026 को रजौड़ा निवासी राहुल के साथ किया था। शुक्रवार को रोशनी की विदाई तय थी। परिजनों का कहना है कि दिन में उनकी रोशनी से फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी। कुछ देर बाद ससुराल पक्ष की ओर से अचानक फोन कर कहा गया कि आज विदाई कराने आने की जरूरत नहीं है।

इस अप्रत्याशित सूचना से मायके पक्ष को संदेह हुआ। इसके बावजूद परिजन ससुराल पहुंच गए। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि रोशनी की मौत हो चुकी थी और उसका शव कमरे के भीतर बेड पर पड़ा था। यह दृश्य देखकर परिवार में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही पनियरा थानाध्यक्ष संजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद क्षेत्राधिकारी सदर, नायब तहसीलदार और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका के परिजनों का आरोप है कि रोशनी की हत्या की गई है। उनका कहना है कि यदि सब कुछ सामान्य था तो विदाई से ठीक पहले अचानक आने से क्यों मना किया गया और फिर उसकी मौत की सूचना कैसे मिली। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इस मामले पर थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मायके पक्ष की ओर से अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!