गोरखपुर: यूपी में हरित भविष्य की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर के भगवानपुर टोल प्लाजा लिंक एक्सप्रेसवे परिसर से वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ किया। उन्होंने बरगद, पीपल और नीम के पौधे रोपकर प्रदेशव्यापी अभियान की शुरुआत की और नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की भी नींव हैं। उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पहल लोगों को प्रकृति के प्रति भावनात्मक रूप से जोड़ने का माध्यम बन रही है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लगाए गए पौधों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को उनके संरक्षण, नियमित सिंचाई तथा देखभाल की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान की सफलता केवल पौधे लगाने से नहीं, बल्कि उनके जीवित रहने और विकसित होने से तय होगी।
इस अवसर पर सैनिक स्कूल के छात्र, एनसीसी कैडेट, स्काउट्स एवं विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों से संवाद किया, उनके साथ “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत सेल्फी ली और युवाओं से पर्यावरण संरक्षण का संदेश घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया।
गोरखपुर जनपद में इस वर्ष 55 लाख 28 हजार 600 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए वन विभाग सहित विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जिला प्रशासन ने पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की सुरक्षा, निगरानी और नियमित देखभाल के लिए भी विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है।
इस मौके पर एडीजी जोन, डीआईजी रेंज, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, प्रभागीय वनाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर प्रदेश को हरित एवं स्वच्छ बनाने का संकल्प दोहराया।


