Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

कुशीनगर में 11 हजार वोल्ट लाइन पर गिरा विशाल शीशम का पेड़, ग्रामीणों ने कमर तक पानी में उतरकर बहाल कराई बिजली

कुशीनगर में 11 हजार वोल्ट लाइन पर गिरा विशाल शीशम का पेड़, ग्रामीणों ने कमर तक पानी में उतरकर बहाल कराई बिजली

कुशीनगर: सेवरही विकास खंड के ग्राम पंचायत मुकुन्दपुर में रविवार तड़के आई तेज आंधी और जलभराव के चलते 11 हजार वोल्ट (11 केवी) विद्युत लाइन पर एक विशाल शीशम का पेड़ गिर गया। इसके कारण मुकुन्दपुर समेत आसपास के दर्जनों गांवों की बिजली आपूर्ति अचानक ठप हो गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के जागरूक युवाओं ने तत्काल विद्युत विभाग के लाइनमैन अशोक राय, रमेश प्रसाद और भोला को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने स्थिति का जायजा लेने के बाद बताया कि पेड़ हटाने के लिए कटर मशीन और ट्रैक्टर जैसी व्यवस्था की आवश्यकता होगी।

इसी दौरान मुकुन्दपुर निवासी युवा समाजसेवी मुकुल मिश्रा ने ग्रामीणों को एकजुट किया और स्वयं बिजली कर्मचारियों के साथ राहत कार्य में जुट गए। कमर तक भरे पानी के बीच ग्रामीणों ने जोखिम उठाते हुए पेड़ को काटा और क्षतिग्रस्त तीनों विद्युत तारों को दोबारा पोल पर चढ़ाने में बिजली विभाग का पूरा सहयोग किया। ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से बिना किसी मशीन के यह कार्य सफलतापूर्वक पूरा हुआ, जिससे हजारों रुपये का संभावित खर्च भी बच गया।

ग्रामीणों की तत्परता और बिजली कर्मचारियों की मेहनत से कुछ ही समय में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिससे क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को राहत मिली।

ग्राम प्रधान ओमप्रकाश मिश्रा ने इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि मुकुन्दपुर के युवाओं ने सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि यह प्रयास केवल अपने गांव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आसपास के कई गांवों के लोगों को भी इसका लाभ मिला। ऐसे कार्य समाज में आपसी एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।

इस अभियान में अशोक राय, रमेश प्रसाद, भोला, मुकुल मिश्रा, मुक्तिनारायण मिश्रा, राजेश्वर मिश्रा, राजू मिश्रा, रामभरोषी पटेल, भोला मिश्रा, नथुनी राय, मनीष मिश्रा, अमीन अंसारी, यशवंत मिश्रा, अजय विजय सिंह, रहमत अंसारी, दयाशंकर पटेल और राजकिशोर राय सहित अनेक ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

author

Related Articles

error: Content is protected !!