Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

Maharajganj: बरसात में डगरपुरवा मोड़ बना मुसीबत का रास्ता, महामारी फैलने की आशंका से ग्रामीण चिंतित

Maharajganj: बरसात में डगरपुरवा मोड़ बना मुसीबत का रास्ता, महामारी फैलने की आशंका से ग्रामीण चिंतित

महराजगंज: नौतनवा विकासखंड की ग्राम पंचायत महदेइया के डगरपुरवा मोड़ पर जल निकासी व्यवस्था ध्वस्त होने से मुख्य सड़क जलमग्न हो गई है। लगातार जमा बदबूदार पानी और कीचड़ ने इस मार्ग को राहगीरों के लिए खतरे का रास्ता बना दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

डगरपुरवा मोड़ से होकर गुजरने वाला यह प्रमुख मार्ग करीब 10 किलोमीटर तक दर्जनों गांवों को जोड़ता है। प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण, स्कूली छात्र-छात्राएं, बुजुर्ग और छोटे-बड़े वाहन इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। बरसात शुरू होते ही सड़क पर पानी भर जाता है और जल निकासी का कोई स्थायी प्रबंध न होने के कारण हालात और गंभीर हो जाते हैं।

सड़क पर जमा गंदा पानी और फिसलन के चलते आए दिन लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं, गंदगी और बदबू के कारण आसपास के लोगों में संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।

ग्रामीण राजेश, पन्नेलाल, जितेन्द्र कुमार, संजय, कुंडल, त्रिलोकी, शमशाद खान, विजय कुमार और शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान आज तक नहीं हो सका। उनका कहना है कि हर वर्ष बरसात में यही स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित होता है।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि डगरपुरवा मोड़ पर स्थायी जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए तथा पक्की नाली का निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिल सके और दुर्घटनाओं व बीमारियों के खतरे को रोका जा सके।

इस संबंध में खंड विकास अधिकारी अमित कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। शीघ्र ही संबंधित टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर नाली निर्माण अथवा वैकल्पिक जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए समस्या का समाधान कराया जाएगा।

author

Related Articles

error: Content is protected !!