महराजगंज: सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन, महराजगंज के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर जनपद के अधिवक्ताओं से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने न्यायालय परिसर में अत्याधुनिक बार सभागार एवं पुस्तकालय भवन के निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मिले प्रतिनिधिमंडल में पूर्व अध्यक्ष रमेश मिश्रा, पूर्व महामंत्री एवं जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) बृजेंद्र नाथ त्रिपाठी तथा वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज कुमार सिंह शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि बढ़ती अधिवक्ताओं की संख्या और न्यायिक गतिविधियों को देखते हुए वर्तमान संसाधन पर्याप्त नहीं हैं। बार सभागार और समृद्ध विधि पुस्तकालय का निर्माण समय की आवश्यकता बन चुका है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त बार सभागार अधिवक्ताओं के लिए बैठकों, विधिक परिचर्चाओं और विभिन्न कार्यक्रमों का बेहतर केंद्र बनेगा, जबकि पुस्तकालय में नवीनतम विधिक पुस्तकों और संदर्भ सामग्री की उपलब्धता से अधिवक्ताओं को अध्ययन एवं मुकदमों की तैयारी में बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे न्यायिक कार्यों की गुणवत्ता और दक्षता में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिवक्ताओं की मांग को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि प्रदेश सरकार न्यायिक अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बार सभागार एवं पुस्तकालय भवन के निर्माण के लिए आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री के सकारात्मक आश्वासन के बाद बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल है। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि सरकार के सहयोग से लंबे समय से लंबित यह मांग जल्द ही साकार होगी।
बार एसोसिएशन के महामंत्री प्रमोद कुमार त्रिपाठी, एडवोकेट ने कहा कि मुख्यमंत्री के आश्वासन से जिले के अधिवक्ताओं में नई ऊर्जा और उम्मीद का संचार हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बार सभागार एवं आधुनिक पुस्तकालय के निर्माण से न केवल अधिवक्ताओं को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, बल्कि जनपद की न्यायिक व्यवस्था भी और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनेगी।


