Hindi Express News
  • September 5, 2026
  • Last Update August 24, 2026 8:46 PM
  • Lucknow

वोट लिया, विकास नहीं दिया: लोनी के वार्ड 20, 21, 28 और 44 के लोगों ने खोली व्यवस्था की पोल

वोट लिया, विकास नहीं दिया: लोनी के वार्ड 20, 21, 28 और 44 के लोगों ने खोली व्यवस्था की पोल

गाजियाबाद: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे लोनी क्षेत्र के वार्ड संख्या 20, 21, 28 और 44 इन दिनों विकास के दावों पर बड़े सवाल खड़े कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से राजनीतिक स्थिरता होने के बावजूद इन इलाकों की बुनियादी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। सड़कें जर्जर हैं, नालों का अभाव है और बरसात के दौरान जलभराव आम बात बन चुका है।

क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण 60 फुटा रोड और 50 फुटा रोड, जो हजारों लोगों के आवागमन का प्रमुख मार्ग हैं, बदहाल स्थिति में हैं। बारिश के समय इन सड़कों पर पानी भर जाने से आवाजाही प्रभावित होती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष वही स्थिति दोहराई जाती है।

स्थानीय लोगों ने उठाए कई गंभीर सवाल

निवासियों का कहना है कि नगर पालिका में पिछले करीब 13 वर्षों से एक ही राजनीतिक परिवार का प्रभाव रहा है, जबकि क्षेत्र पिछले 9 वर्षों से भाजपा विधायक का प्रतिनिधित्व देख रहा है। प्रदेश में भाजपा-राष्ट्रीय लोकदल गठबंधन होने और नगर पालिका अध्यक्ष के राष्ट्रीय लोकदल से जुड़े होने के बावजूद विकास कार्य अपेक्षित गति नहीं पकड़ सके। लोगों का आरोप है कि चुनावी वादों और वास्तविक कार्यों के बीच बड़ा अंतर दिखाई देता है।

बारिश में सड़कें नहीं, दिखाई देती है पानी की चादर

स्थानीय नागरिकों के अनुसार हल्की बारिश भी 60 फुटा और 50 फुटा रोड को जलमग्न कर देती है। कई स्थानों पर दिनों तक गंदा पानी जमा रहता है, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पानी में छिपे गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी रहती है।

सिर्फ सुविधा नहीं, सामाजिक तनाव की भी वजह

क्षेत्रवासियों का कहना है कि जलभराव अब केवल एक नागरिक समस्या नहीं रह गया है। गलियों और घरों के सामने पानी जमा होने को लेकर पड़ोसियों के बीच विवाद बढ़ रहे हैं। कई मामलों में कहासुनी पुलिस तक पहुंचने की नौबत आ चुकी है। लोगों का मानना है कि यदि समय रहते स्थायी समाधान नहीं हुआ तो यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।

शिकायतें लगातार, समाधान का इंतजार

स्थानीय नागरिकों का दावा है कि नगर पालिका और संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अभी तक ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दी। लोगों का कहना है कि हर बार आश्वासन तो मिलता है, लेकिन धरातल पर काम शुरू नहीं हो पाता।

जनता ने दी साफ चेतावनी

वार्ड 20, 21, 28 और 44 के निवासियों का कहना है कि वे नियमित रूप से कर (टैक्स) अदा करते हैं, इसलिए बेहतर सड़क, नाला और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाएं उनका अधिकार हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही 60 फुटा और 50 फुटा रोड पर नाला निर्माण तथा सड़क सुधार का कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से जवाब मांगेंगे।

author

Related Articles

error: Content is protected !!