Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

गाजियाबाद कलेक्ट्रेट में उमड़ी फरियादियों की भीड़, डीएम ने खुद सुनी जनता की पीड़ा, स्थलीय निरीक्षण पर विशेष जोर

गाजियाबाद कलेक्ट्रेट में उमड़ी फरियादियों की भीड़, डीएम ने खुद सुनी जनता की पीड़ा, स्थलीय निरीक्षण पर विशेष जोर

गाजियाबाद: कलेक्ट्रेट कार्यालय में डीएम रविन्द्र कुमार माँदड़ द्वारा आयोजित जनसुनवाई में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जिलाधिकारी की नियमित जनसुनवाई से आमजन में विश्वास बढ़ा है, जिसके चलते जनसुनवाई में आने वाले प्रार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

जनसुनवाई के दौरान नगर निगम, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए), विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायतकर्ता की बात को गंभीरता से सुना और उनकी समस्याओं को विस्तारपूर्वक समझा।

जिलाधिकारी ने फरियादियों से यह भी जानकारी ली कि क्या उन्होंने पूर्व में अपनी शिकायत संबंधित विभाग में दर्ज कराई थी या नहीं। उन्होंने सभी को आश्वस्त किया कि प्राप्त प्रत्येक शिकायत का पूर्ण पारदर्शिता, संवेदनशीलता और गुणवत्ता के साथ समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा।

जनसुनवाई के उपरांत जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक हो, वहां मौके पर जाकर जांच करने के बाद ही निस्तारण किया जाए। साथ ही, शिकायत के समाधान के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक लेना अनिवार्य किया जाए, ताकि समाधान की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।

जनसुनवाई के दौरान कई मानवीय मामलों पर भी त्वरित निर्णय लिए गए। मुरादनगर निवासी एक महिला को विधवा पेंशन का लाभ दिलाने के लिए प्रोबेशन विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए। वहीं एक वृद्ध विधवा महिला की बहू के इलाज के लिए रेडक्रॉस सोसाइटी के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए। इसके अलावा, सांप के काटने से मृत युवक के परिजनों को शासन द्वारा निर्धारित मुआवजा दिलाने के लिए संबंधित विभाग को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जन शिकायतों का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और तत्परता के साथ जनता की समस्याओं का समाधान करें।

जनसुनवाई के दौरान एडीएम (ई) ज्योति मौर्य, एडीएम (एल/ए) अवनीश कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

author

Related Articles

error: Content is protected !!