Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

पुलिसकर्मियों की सुविधाओं में इज़ाफा, अगौता थाने में नवनिर्मित मैस भवन का एसएसपी ने किया लोकार्पण

पुलिसकर्मियों की सुविधाओं में इज़ाफा, अगौता थाने में नवनिर्मित मैस भवन का एसएसपी ने किया लोकार्पण

बुलंदशहर: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दिनेश कुमार सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक रिजुल कुमार ने बुधवार को अगौता थाना परिसर में नवनिर्मित मैस भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर एसएसपी ने थाना परिसर का निरीक्षण करते हुए महिला हेल्प डेस्क, बंदीगृह, बीट बुक रजिस्टर, सीसीटीएनएस, शस्त्रागार तथा मालखाने की व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में खड़े वाहनों एवं साफ-सफाई व्यवस्था को देखकर एसएसपी संतुष्ट नजर आए। उन्होंने मिशन शक्ति केंद्र/महिला हेल्प डेस्क पर तैनात कर्मचारियों को महिलाओं व बालिकाओं से संबंधित प्रार्थना पत्रों के त्वरित निस्तारण, जांच की प्रगति और परिणामों को कंप्यूटर में क्रमबद्ध रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने थाना प्रभारी को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने, डाक रजिस्टर के अभिलेख अद्यतन रखने, हिस्ट्रीशीटर अपराधियों पर सतत निगरानी रखने तथा थाना परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में निरंतर भ्रमणशील रहकर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने पर विशेष जोर दिया।

नवनिर्मित मैस भवन के उद्घाटन के अवसर पर एसएसपी ने कहा कि इस नई रसोई व्यवस्था से पुलिसकर्मियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध हो सकेगा, जिससे उनकी कार्यक्षमता में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

इसके पश्चात एसएसपी ने थाना क्षेत्र के सभी गांवों के चौकीदारों से संवाद कर उन्हें उनके कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक चौकीदार अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करे, तो क्षेत्र में अपराधों पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है। किसी भी संदिग्ध या गैरकानूनी गतिविधि की सूचना तुरंत थाने को देने की अपील की गई।

कार्यक्रम के अंत में सभी चौकीदारों को ठंड से बचाव के लिए कंबल, कोट एवं साफा के पैकेट वितरित किए गए। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित लोगों के लिए भोज की व्यवस्था भी की गई।

Related Articles

error: Content is protected !!