Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

गाजियाबाद के सभी विद्यालयों में 15 जनवरी को मकर संक्रांति का अवकाश घोषित, शासनादेश जारी

गाजियाबाद के सभी विद्यालयों में 15 जनवरी को मकर संक्रांति का अवकाश घोषित, शासनादेश जारी

गाजियाबाद: मकर संक्रांति के पावन पर्व के अवसर पर जनपद गाजियाबाद में कक्षा नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में दिनांक 15 जनवरी 2026 (गुरुवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। यह अवकाश उत्तर प्रदेश शासन के आदेश के क्रम में घोषित किया गया है, जिसका अनुपालन सभी शैक्षणिक संस्थानों को अनिवार्य रूप से करना होगा।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन अनुभाग-46 द्वारा जारी शासनादेश संख्या 46/तीन-2026, दिनांक 12 जनवरी 2026, के अंतर्गत मकर संक्रांति के अवसर पर घोषित निर्बंधित अवकाश में संशोधन किया गया है। पूर्व में यह अवकाश 14 जनवरी 2026 (बुधवार) को घोषित था, लेकिन शासन स्तर पर लिए गए निर्णय के अनुसार अब इसे बदलकर 15 जनवरी 2026 (गुरुवार) कर दिया गया है।

शासन के इस निर्णय के तहत निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट, 1881 के अंतर्गत 15 जनवरी 2026 को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इसके फलस्वरूप जनपद गाजियाबाद में संचालित परिषदीय, सहायता प्राप्त, अशासकीय सहायता प्राप्त, राजकीय, सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य सभी मान्यता प्राप्त बोर्डों के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों में इस दिन शैक्षणिक कार्य पूरी तरह बंद रहेगा।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि यह आदेश कक्षा नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक के सभी विद्यार्थियों पर समान रूप से लागू होगा। सभी विद्यालय प्रबंधनों को निर्देश दिए गए हैं कि शासनादेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

मकर संक्रांति हिंदू धर्म का एक प्रमुख पर्व है, जिसे सूर्य के मकर राशि में प्रवेश के रूप में मनाया जाता है। इस दिन स्नान, दान और धार्मिक अनुष्ठानों का विशेष महत्व होता है। सार्वजनिक अवकाश घोषित होने से छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों को पर्व मनाने में सुविधा मिलेगी।

author

Related Articles

error: Content is protected !!