कुशीनगर: समाज सेवा और मानवीय संवेदनाओं का अनुपम उदाहरण रविवार को कुशीनगर जनपद में देखने को मिला, जब दिलीप नगर चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में कुडवा नरेश स्वर्गीय शैल कुमार सिंह जी की 46वीं पुण्यतिथि के अवसर पर कंबल वितरण एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम दुदही नगर पंचायत क्षेत्र में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश चीनी मिल सहकारी संघ के उपसभापति ऋषिकांत राय ने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुँचाना ही सच्चा परोपकार है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन सामाजिक एकजुटता को मजबूत करते हैं।
फाजिलनगर विधायक सुरेंद्र सिंह कुशवाहा ने कहा कि निराश्रित और बेसहारा लोगों के स्वास्थ्य की चिंता करना प्रत्येक जागरूक नागरिक का कर्तव्य होना चाहिए। उन्होंने आयोजकों की इस पहल की सराहना की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा कुशीनगर जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने कहा कि सेवा भाव से किया गया कार्य ही व्यक्ति के जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मर्षि समाज हमेशा से समाज हित के कार्यों में अग्रणी रहा है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में जरूरतमंदों को ठंड से राहत देने के लिए कंबल वितरित किए गए, साथ ही निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श और दवा वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में कुंवर डॉ. महेंद्र सिंह, राजा उपेन्द्र सिंह, कुंवर दिलीप सिंह, ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव दुर्गेश राय, राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रवीण कुमार शाही, जिलाध्यक्ष अविनाश राय, ब्लॉक अध्यक्ष अतुल राय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से जरूरतमंदों को राहत देने के साथ-साथ समाज में सेवा और संवेदना का संदेश भी दिया गया।


