गाजियाबाद: लोनी विधानसभा क्षेत्र में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। बलराम नगर स्थित कार्यालय से लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने आंगनवाड़ी केंद्रों को आधुनिक एवं सुविधायुक्त बनाने हेतु शैक्षणिक और खेल सामग्री वितरण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अभियान के तहत क्षेत्र के 34 आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की शारीरिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए इंटरलॉकिंग कबड्डी मैट एवं 160 बॉक्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जबकि 26 आंगनवाड़ी केंद्रों को प्री-स्कूल किट प्रदान की जा रही है। इन किट्स में शिशु डेस्क, पजल्स, बिल्डिंग ब्लॉक, गेम टेबल, स्टडी टेबल, कुर्सी और बोर्ड जैसी उपयोगी सामग्री शामिल है, जो बच्चों की सीखने की क्षमता और रचनात्मकता को बढ़ावा देगी।
कार्यक्रम के दौरान बाल विकास परियोजना से जुड़ी आंगनवाड़ी सुपरवाइजर माया चौधरी, आंगनवाड़ी कार्यकत्री रेखा, ममता, अफसाना, रामवती सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि लोनी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र को आधुनिक स्वरूप देना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में डिजिटल आंगनवाड़ी केंद्रों की स्थापना भी की जा रही है, जिससे बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पोषण और संस्कार मिल सकें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है, ताकि आने वाली पीढ़ी आत्मनिर्भर और सशक्त बन सके।


