Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में ट्रेड यूनियनों की हड़ताल, गाजियाबाद में बैंकिंग सेवाएं ठप

केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में ट्रेड यूनियनों की हड़ताल, गाजियाबाद में बैंकिंग सेवाएं ठप

गाजियाबाद: केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में विभिन्न ट्रेड यूनियनों द्वारा गुरुवार को बुलायी गई राष्ट्रव्यापी हड़ताल का असर गाजियाबाद में भी देखने को मिला। जिले में बैंकिंग और बीमा क्षेत्र की सेवाएं आंशिक रूप से बाधित रहीं, जिससे आम उपभोक्ताओं को दिनभर परेशानियों का सामना करना पड़ा।

ऑल इंडिया सेंट्रल ट्रेड यूनियन के आह्वान पर आयोजित हड़ताल में बैंक, बीमा और अन्य श्रमिक संगठनों से जुड़े कर्मचारियों ने भाग लिया। गाजियाबाद की अलग-अलग बैंक शाखाओं में कार्यरत करीब आठ हजार से अधिक कर्मचारी इस आंदोलन से जुड़े रहे। सुबह से ही कई बैंकों में नकद लेनदेन पूरी तरह ठप रहा, जबकि कुछ शाखाओं में केवल जरूरी प्रशासनिक कार्य ही किए गए।

कई बैंक शाखाएं पूरी तरह बंद रहने के कारण लेनदेन के लिए पहुंचे उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ा। लोगों ने जरूरी भुगतान, चेक क्लीयरेंस और अन्य बैंकिंग कार्य नहीं हो पाने की शिकायत की।

हड़ताल के दौरान बैंक कर्मचारियों ने नवयुग मार्केट में एकत्र होकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और नीतियों को श्रमिक विरोधी बताते हुए नारेबाजी की। वहीं जीटी रोड स्थित एलआईसी कार्यालय पर ऑल इंडिया इंश्योरेंस एम्प्लॉयीज एसोसिएशन के बैनर तले बीमा कर्मियों ने भी विरोध जताया। इसके अलावा सीटू से जुड़े कार्यकर्ताओं ने विजय नगर और मेरठ रोड क्षेत्रों में प्रदर्शन किया।

हालांकि औद्योगिक इलाकों में हड़ताल का असर सीमित रहा, लेकिन बैंकिंग और बीमा सेवाओं पर इसका स्पष्ट प्रभाव देखने को मिला, जिससे आम जनता को असुविधा झेलनी पड़ी।

author

Related Articles

error: Content is protected !!