Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

हर्षोल्लास और सम्मान समारोह के साथ मना सेंट पॉल्स स्कूल का स्थापना दिवस, पुलवामा शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

हर्षोल्लास और सम्मान समारोह के साथ मना सेंट पॉल्स स्कूल का स्थापना दिवस, पुलवामा शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

महराजगंज: परसामलिक थाना क्षेत्र के कुकेसर स्थित सेंट पॉल्स स्कूल में शनिवार को छठवें स्थापना दिवस का आयोजन गरिमामय और उल्लासपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्या की देवी मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुई।

इसके बाद 14 फरवरी 2019 को पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए वीर जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस को नमन किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि नौतनवां ब्लॉक प्रमुख राकेश कुमार मद्धेशिया, 66वीं वाहिनी के डिप्टी कमांडेंट विप्लव दौलग जाउ तथा नौतनवां नगर पंचायत अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी उपस्थित रहे।

छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह को जीवंत बना दिया। कव्वाली “भर दो झोली मेरी” और जोशीले डांडिया नृत्य ने दर्शकों की भरपूर सराहना बटोरी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों का उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा।

अपने संबोधन में ब्लॉक प्रमुख राकेश कुमार मद्धेशिया ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं; उन्हें परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। विद्यालय प्रमुख अपूर्वा श्रीवास्तव ने बताया कि 14 फरवरी को ही विद्यालय की नींव रखी गई थी और सेंट पॉल्स स्कूल शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन कौशल, अंतर्निहित क्षमताओं और रचनात्मकता के विकास पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्य करण मल्होत्रा, शिक्षकगण दिलीप झां, राहुल पाण्डेय, प्रियंका जायसवाल, अशोक यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!