Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

पनियरा में तेज रफ्तार का कहर, अज्ञात वाहन की टक्कर से 50 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत

पनियरा में तेज रफ्तार का कहर, अज्ञात वाहन की टक्कर से 50 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत

महराजगंज: जनपद के पनियरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जंगल बड़हरा चौरी तिराहा के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान जगदीश गुप्ता (पुत्र स्व. रामरतन), निवासी जंगल बड़हरा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बुधवार शाम उनके ससुर घर आए हुए थे। भोजन के बाद सभी सोने चले गए। रात करीब 11:30 बजे जगदीश गुप्ता शौच के लिए घर से बाहर निकले। सड़क पार कर वापस लौटते समय अचानक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर की आवाज सुनकर पास ही दुकान के बाहर सो रहे उनके चाचा श्रीनिवास गुप्ता घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक वाहन चालक फरार हो चुका था। आसपास के लोगों और परिजनों की मदद से घायल को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जगदीश गुप्ता अपने पीछे पत्नी दुर्गावती, तीन बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। दो बेटे विवाहित हैं, जबकि एक बेटा अविवाहित है। बेटी की शादी हो चुकी है। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

इस संबंध में पनियरा थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और अज्ञात वाहन व चालक की तलाश जारी है।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!