कुशीनगर: जनपद के नेबुआ नौरंगिया विकासखंड क्षेत्र में बीती रात 26 फरवरी को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खंड विकास अधिकारी आर.के. सेठ की सरकारी और निजी गाड़ियों को अज्ञात लोगों ने आग के हवाले कर दिया। घटना मध्यरात्रि के आसपास की बताई जा रही है। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में दोनों वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गए।
स्थानीय लोगों ने जब आग की तेज लपटें उठती देखीं तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना किसी सुनियोजित साजिश का हिस्सा है या फिर किसी व्यक्तिगत रंजिश का परिणाम। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
बताया गया है कि खंड विकास अधिकारी सरकारी आवास में न रहकर ब्लॉक क्षेत्र के रामपुर खुर्द गांव में किराए के मकान में निवास कर रहे थे, जो सरकारी आवास से लगभग दो किलोमीटर दूर स्थित है। इस घटना के बाद सरकारी आवास में निवास न करने को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
आगजनी की इस घटना से इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


