Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

महराजगंज में मुंडन कार्यक्रम के दौरान हादसा, चबूतरे पर बैठी महिलाओं पर गिरी पीपल की डाल, हालत गंभीर

महराजगंज में मुंडन कार्यक्रम के दौरान हादसा, चबूतरे पर बैठी महिलाओं पर गिरी पीपल की डाल, हालत गंभीर

महराजगंज: परसामलिक थाना क्षेत्र के ग्राम गंगवलिया टोला करौता में सोमवार दोपहर आयोजित एक मुंडन समारोह अचानक हादसे में बदल गया। काली माता स्थान पर चल रहे धार्मिक कार्यक्रम के दौरान वर्षों पुराने पीपल के पेड़ की मोटी सूखी डाल टूटकर चबूतरे पर बैठी महिलाओं पर गिर पड़ी। इस अप्रत्याशित घटना में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे में घायल महिला

मिली जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी धर्मेंद्र की पुत्री का मुंडन संस्कार खलिहान स्थित काली माता स्थान पर संपन्न हो रहा था। कार्यक्रम शुरू होने से पहले पंडित शैलेश पाठक सत्यनारायण कथा का वाचन कर रहे थे। इसी बीच अचानक पेड़ की एक भारी सूखी शाखा टूटकर नीचे आ गिरी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के समय चबूतरे पर धर्मेंद्र की मां धनमती (58) पत्नी रामप्रसाद और खजान्ती (45) पत्नी रामविशुन समेत कई महिलाएं बैठी थीं। डाल की चपेट में आने से धनमती की कमर में गंभीर चोटें आईं, जबकि खजान्ती का दायां हाथ फ्रैक्चर हो गया और वह बेहोश हो गईं। घटना में पंडित शैलेश की बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।

मौके पर मौजूद ग्राम प्रधान राकेश कुमार पटेल और अन्य ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तत्काल बाइक से रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन धनमती को जिला अस्पताल ले गए, जबकि खजान्ती को नौगढ़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों का उपचार जारी है।

घटना के बाद गांव में दहशत और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने सार्वजनिक स्थलों पर खड़े जर्जर और सूखे पेड़ों की समय-समय पर जांच और कटाई-छंटाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

author

Related Articles

error: Content is protected !!