गोरखपुर: गोरखपुर जनपद के एक निजी अस्पताल परिसर में उस समय सनसनी फैल गई, जब पार्किंग में खड़ी एक कार के अंदर ग्राम विकास अधिकारी अमरेन्द्र कुमार पटेल मृत अवस्था में पाए गए। वह नौतनवां ब्लॉक में तैनात थे और मूल रूप से मिठौरा ब्लॉक क्षेत्र के निवासी थे।
मिली जानकारी के मुताबिक, अमरेन्द्र कुमार अपनी बीमार पत्नी को इलाज के लिए बुधवार को गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराने पहुंचे थे। पत्नी को भर्ती कराने के बाद वह बाहर पार्किंग में खड़ी अपनी कार में जाकर बैठ गए। काफी देर तक उनके वापस न लौटने पर परिजनों और अस्पताल स्टाफ ने तलाश शुरू की। इसी दौरान कार के अंदर उनका शव मिला, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।
प्राथमिक तौर पर उनकी मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिनका अंतिम संस्कार रोहिणी नदी के दोमुहान घाट पर किया गया।
करीब 27 वर्षों तक सरकारी सेवा दे चुके अमरेन्द्र कुमार के आकस्मिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, ब्लॉक कार्यालय में भी शोक की लहर है। बृहस्पतिवार को बीडीओ अमित कुमार मिश्र के नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों ने शोक सभा आयोजित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।


