Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

महराजगंज में भीषण आंधी का असर, बिजली का पोल धराशाई, ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें

महराजगंज में भीषण आंधी का असर, बिजली का पोल धराशाई, ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें

महराजगंज: क्षेत्र में आई भीषण आंधी-तूफान ने विद्युत व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। सोनौली विद्युत उपकेंद्र के भगवानपुर फीडर अंतर्गत परसामलिक थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत शीशमहल के पास, पेड़ारी चौराहे के पश्चिम एक विशाल पेड़ मुख्य बिजली लाइन पर गिर गया। हादसे में बिजली का पोल बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर टूट गया, जिससे पूरे इलाके की आपूर्ति ठप हो गई।

बिजली बाधित होते ही बेलभार, मनिकौरा, सेखुआनी, शंकरपुर, ब्रह्मस्थान, शिवपुरी, परसा, शीशमहल, कल्याणपुर और परसहवा समेत दर्जनों गांव अंधेरे में डूब गए। पिछले 24 घंटों से अधिक समय से बिजली गुल रहने के कारण ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

गर्मी के इस मौसम में बिजली न होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल संकट गहरा गया है, क्योंकि मोटर और सबमर्सिबल पंप बंद पड़े हैं। वहीं मोबाइल फोन डिस्चार्ज होने से संचार व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। लोग चार्जिंग के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं।

स्थानीय ग्रामीणों राज अग्रहरी, कमलेश, संजय, गौरीशंकर, संदीप, मेहताब आलम, मनोज, विनोद, राम अजोर, गोविंद, सोमनाथ, अहमद, राजाबलि और रामनाथ—ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि बिजली संकट ने रोजमर्रा की जिंदगी को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से तत्काल क्षतिग्रस्त पोल को बदलने और टूटे तारों की मरम्मत कर शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया, तो भीषण गर्मी में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

author

Related Articles

error: Content is protected !!