महराजगंज: भारत-नेपाल सीमा के प्रमुख व्यापारिक केंद्र सोनौली बॉर्डर पर शुक्रवार को स्वच्छता और आपसी सहयोग की अनूठी मिसाल देखने को मिली। 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और नेपाल एपीएफ के जवानों ने संयुक्त रूप से वृहद स्वच्छता अभियान चलाकर सीमा क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संदेश दिया।
एसएसबी कमांडेंट शक्ति सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का नेतृत्व निरीक्षक सुभाष चंद्रा ने किया। अभियान के दौरान दोनों देशों के जवानों ने कंधे से कंधा मिलाकर मुख्य मार्गों, सीमा परिसर और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की। जवानों ने झाड़ू लगाकर कूड़ा एकत्र किया तथा नालियों में जमा प्लास्टिक कचरे को निकालकर उसका उचित निस्तारण भी कराया।
इस अवसर पर निरीक्षक सुभाष चंद्रा ने स्थानीय व्यापारियों, राहगीरों और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग बंद करने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है और इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है।
स्वच्छता अभियान के माध्यम से भारत और नेपाल के सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय, मित्रता और आपसी सौहार्द भी देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में सभी जवानों ने सीमा क्षेत्र को निरंतर स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।


