Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

हाईवे पर मौत का तांडव: बुलंदशहर में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर दर्दनाक मृत्यु

हाईवे पर मौत का तांडव: बुलंदशहर में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवक को कुचला,  मौके पर दर्दनाक मृत्यु

बुलंदशहर: मेरठ- बदायूं हाईवे शनिवार सुबह एक बार फिर रफ्तार का गवाह बना, जब रोड़ी से भरे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जबकि पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक, शिकारपुर तहसील क्षेत्र के खेलिया कल्याणपुर गांव निवासी सलीम (30 वर्ष), पुत्र रफीक खान, सुबह अपनी बाइक से शिकारपुर से गांव लौट रहा था। जैसे ही वह मेरठ-बदायूं हाईवे पर गांव समनपुर मार्ग के पास पहुंचा, तभी विपरीत दिशा से आ रहे रोड़ी से लदे डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सलीम डंपर के नीचे आ गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही 112 डायल पुलिस टीम और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल हाईवे पर लगे जाम को हटवाकर यातायात बहाल कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई और घर में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की बड़ी वजह बताया है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चंदगीराम ने बताया कि मामले में डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। डंपर को कब्जे में ले लिया गया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!