Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

भीषण आग से किसानों पर कहर, सोनौली में ढाई एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख, सब्जी की खेती भी प्रभावित

भीषण आग से किसानों पर कहर, सोनौली में ढाई एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख, सब्जी की खेती भी प्रभावित

महराजगंज: सोनौली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत जगरनाथपुर (टोला भरिया) में रविवार को अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। आग की चपेट में आकर ग्राम पंचायत जारा निवासी किसान विजय उर्फ पप्पू शुक्ला की लगभग ढाई एकड़ तैयार गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया और तेज हवाओं के कारण लपटें पास के ग्राम पंचायत परसासुमाली के टोला बसंतपुर तक पहुंच गईं। यहां महाजन और शोतिल गौड़ की सब्जी की खड़ी फसल भी आग की तपिश से बुरी तरह झुलस गई, जिससे उन्हें भी भारी नुकसान उठाना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक फसलें जलकर नष्ट हो चुकी थीं।

इस हादसे के बाद प्रभावित किसानों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। तैयार फसल के नष्ट होने से उनकी लागत और आजीविका पर गंभीर असर पड़ा है।

मौके पर पहुंचे राजस्व विभाग के हल्का लेखपाल मंजूर अली ने नुकसान का जायजा लिया और रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रेषित की। उन्होंने पीड़ित किसानों को शासन की ओर से हरसंभव सहायता व मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।

author

Related Articles

error: Content is protected !!